प्रदेश

अल्मोड़ा: स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों की समस्याओं पर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

पेंशन, स्वास्थ्य सुविधा और लंबित मामलों पर विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों की समस्याओं पर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित आश्रितों ने पेंशन, स्वास्थ्य सुविधा, प्रमाणपत्र निर्गमन और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी अपनी समस्याएँ विस्तार से रखीं।

जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग को शासनादेश के अनुरूप सभी सरकारी अस्पतालों में आश्रितों के लिए निशुल्क चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराने तथा इस संबंध में दिशा-निर्देशों को अस्पतालों के नोटिस बोर्ड पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि आश्रितों की समस्याओं के नियमित अनुश्रवण के लिए तहसील स्तर पर प्रत्येक दो माह में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि जिला स्तर पर प्रति तिमाही समीक्षा बैठक होगी, जिसमें लंबित मामलों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

जिलाधिकारी ने आश्रितों को आश्वस्त किया कि प्रशासन हर कदम पर उनके साथ है और समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *