ओखलकांडा में गुलदार का आतंक: घास काटने गई महिला को बनाया शिकार, क्षेत्र में दहशत
उत्तराखण्ड | वन्यजीव
Loklens News | नैनीताल (ओखलकांडा)
नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक में गुलदार के हमले की एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खनस्यू तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा चमोली, किटोड़ा तोक में मंगलवार सुबह जंगल में घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान रेखा देवी (पत्नी पान सिंह चिलवाल) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रेखा देवी अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया, लेकिन गुलदार रेखा देवी को करीब दो किलोमीटर अंदर जंगल की ओर घसीट ले गया। बाद में ग्रामीणों द्वारा खोजबीन के दौरान महिला के अवशेष मिलने से गुलदार के हमले की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंज ऑफिसर नितिन पंत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं उप प्रभागीय वनाधिकारी ममता चंद ने कहा कि विभाग द्वारा पहले भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है, बावजूद इसके घने जंगलों में जाने से इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार गुलदार के हमलों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों की जान जोखिम में है। मौके पर पहुंचे डीएफओ, भीमताल विधायक और सीएमओ नैनीताल को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
फिलहाल वन विभाग द्वारा क्षेत्र में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और समूह में ही जंगल की ओर जाने की अपील की है।
