एक चीख, एक दौड़ और सब कुछ खत्म… पिता की आंखों के सामने जिंदा जल गई 19 वर्षीय बेटी
नैनीताल | हादसा
Loklens News | गरमपानी (नैनीताल)
नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक स्थित दियारी गांव में बुधवार को हुआ एक दर्दनाक अग्निकांड पूरे क्षेत्र को झकझोर गया। एक साधारण से घर में अचानक लगी आग ने कुछ ही पलों में ऐसा भयावह रूप ले लिया कि 19 वर्षीय युवती की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह हादसा उस समय और भी दिल दहला देने वाला बन गया, जब पिता अपनी बेटी को बचाने के लिए आग की लपटों में कूद पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती घटना के समय घर के एक कमरे में मौजूद थी। अचानक कमरे से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर से चीख-पुकार सुनकर पिता गोविंद लाल बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और बिना अपनी जान की परवाह किए बेटी को बचाने के लिए आग में प्रवेश कर गए।
हालांकि आग इतनी तेज थी कि वह बेटी को बाहर नहीं निकाल सके। इस प्रयास में पिता खुद भी गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने जब आग की भयावहता देखी तो गांव में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर क्वारब चौकी पुलिस एसआई मनोज अधिकारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी आनंद राणा, विजय अगारी और गोपाल बिष्ट के साथ ग्रामीणों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
गंभीर रूप से झुलसी युवती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल पिता का अस्पताल में उपचार जारी है। जवान बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे घरेलू अग्निकांड माना जा रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
