देश

अंकिता भंडारी हत्याकांड पर न्याय की मांग से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही भाजपा: भूपेंद्र सिंह भोज

Loklens News | अल्मोड़ा

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने भाजपा महिला मोर्चा द्वारा कांग्रेस का पुतला दहन किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि यह कदम जनता की न्याय की मांग से ध्यान भटकाने की कोशिश है।

भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि अंकिता भंडारी जैसे जघन्य हत्याकांड में प्रदेश की जनता आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन भाजपा इस संवेदनशील मुद्दे पर गंभीरता दिखाने के बजाय राजनीतिक प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस शासनकाल में यह घटना हुई, आरोपी भाजपा से जुड़े रहे और प्रभावशाली लोगों को बचाने के आरोप लगातार लगते रहे, उस पार्टी को कांग्रेस पर सवाल उठाने से पहले अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि आखिर कांग्रेस का पुतला जलाकर वह किस सच्चाई को छुपाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा न तो पीड़िता को न्याय दिलाना चाहती है और न ही मामले की निष्पक्ष जांच होने देना चाहती है।

भोज ने दोहराया कि कांग्रेस शुरू से ही इस मामले में सीबीआई जांच, दोषियों को कठोर सजा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करती रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में प्रभावशाली लोगों को संरक्षण क्यों दिया गया, सबूतों से छेड़छाड़ के आरोप क्यों लगे और अब तक निष्पक्ष जांच क्यों पूरी नहीं हो सकी।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में सल्ट, चम्पावत और लालकुआं जैसी घटनाओं में भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों के नाम सामने आए हैं। साथ ही मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी साहू द्वारा महिलाओं को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मामलों पर भाजपा महिला मोर्चा की चुप्पी उसके दोहरे चरित्र को उजागर करती है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा ने इस संवेदनशील मामले में राजनीति करना बंद नहीं की और दोषियों को बचाने का प्रयास जारी रखा, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा चाहे जितने भी पुतले जला ले, कांग्रेस पार्टी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई तब तक जारी रखेगी, जब तक इस जघन्य अपराध के सभी दोषियों को सजा नहीं मिल जाती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *