जनमत

हल्द्वानी: निजी अस्पताल में भुगतान विवाद पर शव रोके जाने की शिकायत, एसएसपी के हस्तक्षेप से परिजनों को मिला शव

Loklens News | हल्द्वानी

हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज के समीप स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मृत्यु के बाद भुगतान को लेकर उत्पन्न विवाद का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के हस्तक्षेप से मृतका का शव परिजनों को सौंपा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 जनवरी 2026 की रात्रि को अल्मोड़ा जिले के धारानौला क्षेत्र के निवासी नंदन बिरौड़िया ने एसएसपी नैनीताल को फोन कर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी सीमा बिरौड़िया को बेस अस्पताल अल्मोड़ा से रेफर कर हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह आर्थिक रूप से कमजोर है और इलाज के दौरान पहले ही लगभग 57 हजार रुपये अस्पताल में जमा कर चुका था। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त 30 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। भुगतान न हो पाने की स्थिति में मृतका का शव और मृत्यु प्रमाण पत्र रोके जाने की बात कही गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने तत्काल सीओ सिटी हल्द्वानी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक हस्तक्षेप के बाद मृतका का शव परिजनों को सुपुर्द कराया गया। साथ ही मृत्यु प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया गया।

पुलिस द्वारा अस्पताल प्रबंधन को भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न होने देने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *