“प्रशासन गाँव की ओर” अभियान के तहत न्याय पंचायत स्तर पर समस्याओं का समाधान
LokLens News |
अल्मोड़ा।
जनपद अल्मोड़ा में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना के अनुरूप प्रशासन गाँव की ओर अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, साथ ही विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जा रही है।
इसी क्रम में विकासखंड धौलादेवी की न्याय पंचायत कलौटा, विकासखंड द्वाराहाट की न्याय पंचायत कफड़ा तथा ताड़ीखेत विकासखंड की न्याय पंचायत बमस्यू़ं में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया।
न्याय पंचायत कलौटा में आयोजित शिविर से 686 लोगों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। न्याय पंचायत कफड़ा में 515 लोग लाभान्वित हुए, जबकि न्याय पंचायत बमस्यू़ं में आयोजित शिविर से 1269 लाभार्थियों को लाभ मिला। इस प्रकार तीनों शिविरों के माध्यम से कुल 2470 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
द्वाराहाट विकासखंड की कफड़ा न्याय पंचायत में आयोजित शिविर में पीएमजीएसवाई अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने प्रतिभाग किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है।
शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
