नैनीताल के धारी ब्लॉक में गुलदार का कहर, 35 वर्षीय महिला की मौत से गांवों में आक्रोश
LokLens News |
नैनीताल।
नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा कुलोरी के खुटिया खाल क्षेत्र में आज सुबह गुलदार (तेंदुआ) के हमले में 35 वर्षीय गंगा देवी, पत्नी जीवन चंद्र, की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, महिला पर हमला उस समय हुआ जब वह रोज़मर्रा के कार्यों के लिए घर से निकली थीं। बाद में ग्रामीणों ने गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र से उनका शव बरामद किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यह नैनीताल जिले में हाल के दिनों की तीसरी ऐसी घटना बताई जा रही है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत और वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां लंबे समय से देखी जा रही थीं, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर कब तक ग्रामीणों की जान जोखिम में रहेगी और गुलदार के हमलों पर प्रभावी रोक कब लगेगी। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से तत्काल गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने, ट्रैप कैमरे सक्रिय करने और प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासनिक स्तर पर बताया गया है कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी बढ़ा रही है और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। हालांकि, लगातार हो रही घटनाओं के चलते मानव–वन्यजीव संघर्ष एक बार फिर गंभीर चुनौती के रूप में सामने आया है।
