प्रदेश

अल्मोड़ा में ‘प्रशासन गाँव की ओर’ अभियान से 2235 ग्रामीण लाभान्वित, न्याय पंचायत स्तर पर हुआ त्वरित समाधान

LOKLENS | अल्मोड़ा

“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना को साकार करने के उद्देश्य से जनपद अल्मोड़ा में ‘प्रशासन गाँव की ओर’ अभियान निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत लोगों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान किया जा रहा है तथा उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

इसी क्रम में विकासखंड धौलादेवी की न्याय पंचायत पोखरी, विकासखंड द्वाराहाट की न्याय पंचायत विजयपुर तथा विकासखंड स्याल्दे की न्याय पंचायत भरसौली में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और प्राप्त आवेदनों व शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।

न्याय पंचायत पोखरी में आयोजित शिविर से 803, न्याय पंचायत विजयपुर में 1021 तथा न्याय पंचायत भरसौली में 412 लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस प्रकार तीनों न्याय पंचायतों में आयोजित शिविरों के माध्यम से कुल 2235 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित किया गया।

इन शिविरों में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और समाधान सुनिश्चित किया गया।

इन बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों तक सीधी पहुँच बनाकर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *