हल्द्वानी आत्महत्या प्रकरण पर मुख्यमंत्री सख्त, मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश
LOKLENS | हल्द्वानी
ऊधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर निवासी एक किसान द्वारा हल्द्वानी में आत्महत्या किए जाने के गंभीर प्रकरण को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुए दीपक रावत, कुमाऊँ आयुक्त को मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस दु:खद घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या दोष सामने आता है, तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन तथा पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत किसान के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
