प्रदेश

अल्मोड़ा में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन ट्रायल 18 से 24 जनवरी तक

LOKLENS NEWS | अल्मोड़ा

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, अल्मोड़ा द्वारा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग हेतु खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। यह ट्रायल 18 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम, अल्मोड़ा में आयोजित होंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह चयन ट्रायल युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, उत्तराखंड द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री खेल–राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के अंतर्गत किए जा रहे हैं, जिनका आयोजन 20 जनवरी 2025 से 23 जनवरी 2025 तक जनपद नैनीताल, हल्द्वानी एवं हरिद्वार में प्रस्तावित है। इन प्रतियोगिताओं के लिए अल्मोड़ा जनपद की टीम का चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा।

चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज के दो फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। चयन ट्रायल में प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार का मार्ग व्यय या भोजन भत्ता प्रदान नहीं किया जाएगा।

चयन ट्रायल विभिन्न खेल विधाओं में आयोजित किए जाएंगे। इनमें जूडो, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, तीरंदाजी, कुश्ती, बास्केटबॉल, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, पावर लिफ्टिंग, कबड्डी, योगासन, हैंडबॉल, कराटे, एथलेटिक्स और टेबल टेनिस शामिल हैं। सभी खेलों के लिए ट्रायल की तिथियां निर्धारित की गई हैं।

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी, अल्मोड़ा की ओर से बताया गया है कि यह ट्रायल जनपद के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *