“हर बच्चा खास, प्रतिभा पहचानें और आगे बढ़ें” मुख्य सचिव की छात्र-छात्राओं से सीधी बात
LOKLENS NEWS | देहरादून
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को ननूरखेड़ा स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में आयोजित ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उन्हें शिक्षा, अनुशासन एवं जीवन मूल्यों को लेकर मार्गदर्शन दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि हर बच्चा विशेष होता है और प्रत्येक में कोई न कोई प्रतिभा अवश्य होती है। आवश्यकता है कि छात्र स्वयं अपनी क्षमता को पहचानें और उसे आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी बच्चों की प्रतिभा को समझने और प्रोत्साहित करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम को और व्यापक बनाया जाए। इसके अंतर्गत उद्योगपतियों, वैज्ञानिकों, प्रोफेसरों तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से छात्रों की नियमित बातचीत कराई जाए, ताकि उन्हें करियर और जीवन से जुड़ा मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने कहा कि क्लस्टर विद्यालयों से शुरुआत करते हुए इस कार्यक्रम को प्रदेश के सभी विद्यालयों से जोड़ा जाए।
छात्रों से बातचीत के दौरान मुख्य सचिव ने मोबाइल और तकनीक के संतुलित उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक हमारे नियंत्रण में होनी चाहिए, न कि हम तकनीक के नियंत्रण में। पुस्तकों, खेल और रचनात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
मुख्य सचिव ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने से ही सफलता मिलती है। उन्होंने छात्रों से अच्छा नागरिक बनकर देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विज्ञान प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। उन्होंने छात्रों के लिए देहरादून भ्रमण तथा कौशल विकास विभाग के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के अध्ययन दौरे आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में सचिव रविनाथ रमन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा मुकुल सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
