खेल

मजखाली के सुमित गोयल बने अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिताओं के टूर्नामेंट डायरेक्टर

LOKLENS NEWS|रानीखेत|

अल्मोड़ा जिले के मजखाली निवासी और उत्तराखंड राज्य टेनिस संघ के महासचिव सुमित गोयल को देहरादून में आयोजित होने वाली दो महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिताओं का टूर्नामेंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन (यूटीए) के अध्यक्ष और पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार (आईपीएस) ने उनकी नियुक्ति की घोषणा की है। खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यह जिम्मेदारी न केवल सुमित गोयल के लिए बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए भी गर्व की बात है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में टूर्नामेंट डायरेक्टर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

देहरादून में मार्च महीने के दौरान दो अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। पहली प्रतियोगिता आईटीएफ (जूनियर) इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन जूनियर प्रतियोगिता होगी, जो 15 मार्च से 20 मार्च तक शांति टेनिस अकादमी, देहरादून में आयोजित की जाएगी। इसके बाद ईटीएफ (सीनियर) प्रतियोगिता 21 मार्च से 25 मार्च तक परेड ग्राउंड टेनिस कोर्ट्स, देहरादून में खेली जाएगी। इन दोनों प्रतियोगिताओं में भारत सहित विभिन्न देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेने वाले हैं, जिससे राज्य में अंतरराष्ट्रीय खेल वातावरण देखने को मिलेगा।

उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के अनुसार इन प्रतियोगिताओं में लगभग 9 देशों के करीब 250 टेनिस खिलाड़ी भाग लेने जा रहे हैं। इस बड़े खेल आयोजन से उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को करीब से देखने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। खेल विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इन प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 15 मार्च को उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उदीयमान टेनिस खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह पहल राज्य के युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से की जा रही है।

उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के संरक्षक प्रदीप वालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026 में यूटीए द्वारा ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) के अंतर्गत 8 से 10 राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण टेनिस केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

साथ ही हिमांशु मलिक को ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन द्वारा इस प्रतियोगिता का टूर्नामेंट रेफरी नियुक्त किया गया है। सुमित गोयल को टूर्नामेंट डायरेक्टर बनाए जाने पर डीटीए के संरक्षक चारू शर्मा, अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय, प्रभात मेहता, अरविंद साह, गौरव पांडे, गोपाल बावरी तथा डॉ. महिराज मेहरा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न होंगी।

(बमबारी के बीच भी नहीं टूटा हौसला, ईरान में लोगों ने लहराया अपना झंडा l https://youtube.com/shorts/JwkOaegtbh8?si=yg1K7FERkbJnPomZ )

One thought on “मजखाली के सुमित गोयल बने अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिताओं के टूर्नामेंट डायरेक्टर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *