रानीखेत में कांग्रेस का प्रदर्शन, भ्रामक खबर का आरोप लगाते हुए न्यूज़ पोर्टल के खिलाफ पुतला दहन
LOKLENS NEWS|रानीखेत|
रानीखेत में एक स्थानीय न्यूज़ पोर्टल द्वारा प्रकाशित खबर को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि तथाकथित न्यूज़ पोर्टल “रानीखेत न्यूज़” द्वारा हाल ही में प्रकाशित एक समाचार में भिकियासैंण क्षेत्र में महिला से दुराचार के मामले को कथित रूप से “कांग्रेस नेता” से जोड़कर प्रस्तुत किया गया, जिसे कांग्रेस ने भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस तरह की खबरें राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर प्रकाशित की जा रही हैं, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी आरोप के विरोध में रानीखेत कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदर्शन किया और कथित भ्रामक खबर के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “रानीखेत न्यूज़” पोर्टल और भाजपा का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका निष्पक्ष और तथ्यपरक जानकारी देने की होती है, लेकिन यदि किसी समाचार माध्यम द्वारा गलत या भ्रामक जानकारी प्रसारित की जाती है तो इससे समाज में भ्रम की स्थिति पैदा होती है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार को रसोई गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भी घेरा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि एक तरफ कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा गैस की कमी से इनकार किया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस बुकिंग से लेकर सिलेंडर की डिलीवरी तक कई स्थानों पर कमी की स्थिति देखने को मिल रही है, जिससे आम जनता परेशान है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने और भ्रामक खबरें फैलाने से सरकार के प्रति लोगों का भरोसा कम होता जा रहा है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में मीडिया की जिम्मेदारी है कि वह निष्पक्ष और सत्य जानकारी जनता तक पहुंचाए। यदि कोई न्यूज़ पोर्टल जानबूझकर गलत जानकारी प्रसारित करता है, तो उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस विरोध कार्यक्रम में यूथ विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पडलिया पंत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल देव, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, अगस्त लाल साह, पंकज गुरुरानी, रूद्र प्रताप महारा, विजय तिवारी, दीप उपाध्याय, सोनू सिद्दीकी, हर्षित किरौला, वसीम कुरेशी, पारस, जितन जयाल, प्रमोद पाल और मोहम्मद सिराज सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(क्वारब डेंजर ज़ोन: पहाड़ से गिरते पत्थरों के बीच कब सुरक्षित होगा यात्रियों का सफर?)
