प्रदेश

रिहायशी इलाकों में गुलदार का बढ़ता आतंक, शहरवासियों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

LOKLENS NEWS |RANIKHET|

Ranikhet में पिछले कई दिनों से गुलदार (बाघ/तेंदुआ) की लगातार आवाजाही ने स्थानीय नागरिकों में गहरी चिंता और भय का माहौल बना दिया है। शहर के मेन मार्केट, बद्रीव्यू, जरूरी बाजार, सुदामापुरी, राजपुर, सरना गार्डन, केमू स्टेशन, सेवासदन, स्प्रिंग फील्ड और अन्य रिहायशी मोहल्लों में प्रतिदिन शाम के समय गुलदार के दिखने की घटनाएँ बढ़ती जा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिलसिला एक-दो दिन नहीं, बल्कि कई सप्ताह से जारी है, लेकिन प्रशासन और वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही।

नागरिकों ने चिंता जताई कि अब तक न तो किसी क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया है और न ही गश्त बढ़ाई गई है। लोगों का यह भी आरोप है कि प्रशासन की निष्क्रियता से ऐसा प्रतीत होता है मानो किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा हो। महिलाओं, बच्चों, व्यापारियों और राहगीरों में असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ रही है, क्योंकि गुलदार कई बार मुख्य बाजार क्षेत्र के आसपास भी देखा जा चुका है।

इसी स्थिति को देखते हुए शहरवासियों ने आज एक ज्ञापन तैयार कर प्रशासन को सौंपा और मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग और कैंट प्रशासन तुरंत पिंजरा लगाए, रात्रिकालीन और शाम के समय सघन गश्त शुरू करे, तथा जनता को सतर्क रहने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। नागरिकों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई और कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो उसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

(अल्मोड़ा कांग्रेस ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा, कानून व्यवस्था पर चिंता https://loklensnews.com/2026/02/25/news-299/)

ज्ञापन देने वालों में पूर्व व्यापार उपाध्यक्ष नेहा साह माहरा, कुलदीप कुमार, पूर्व व्यापार मंडल उपसचिव विनीत चौरसिया, सोनू सिद्दीकी, अभिषेक कांडपाल, छात्र संघ अध्यक्ष हर्षित रौतेला, उपाध्यक्ष पारस खत्री, सचिव गौरव तिवारी, उप सचिव प्रियांशु चंद्र, पंकज गुरुरानी, प्रदीप रावत, अनिल कुमार, मीना देवी, कैलाश चंद्र, नीता बिष्ट, गीता देवी सहित अनेक नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि शहर के रिहायशी इलाकों में गुलदार का आतंक बढ़ रहा है और यह स्थिति अब तत्काल हस्तक्षेप की मांग करती है।

(क्वारब रोड: कांग्रेस का सरकार पर तीखा हमला l|| LOKLENS NEWS || https://youtube.com/shorts/3mOu0lebWYI?si=DzPT-tT5LS6WOgk1)

शहरवासियों का स्पष्ट कहना है कि सुरक्षा उनकी प्राथमिक आवश्यकता है और प्रशासन को तुरंत कार्ययोजना बनाकर जनता को राहत देनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *