जनमत

अल्मोड़ा: सोशल मीडिया पर आई शिकायत पर जिलाधिकारी ने लिया संज्ञान, अस्पतालों को दिए समन्वय के निर्देश

Loklens News | अल्मोड़ा

सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आई एक शिकायत पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला अस्पताल और बेस अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मामला “केली उत्तराखंड” (Kelly Uttarakhand) नाम से संचालित एक फेसबुक पेज पर प्रसारित वीडियो से जुड़ा है, जिसमें पोस्टकर्ता ने अपनी पत्नी का अल्ट्रासाउंड बेस अस्पताल में न हो पाने की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता ने बताया था कि अल्ट्रासाउंड कराने के लिए बेस अस्पताल पहुंचने पर वहां संबंधित स्टाफ उपलब्ध नहीं था, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जिला अस्पताल एवं बेस अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में मरीजों को इस प्रकार की परेशानी न हो।

इस संबंध में जिलाधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सी.पी. भैंसोड़ा से जानकारी प्राप्त की। प्रिंसिपल द्वारा बताया गया कि संबंधित तिथि को अल्ट्रासाउंड करने वाले रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर थे, जिस कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।

जिलाधिकारी ने दोनों अस्पतालों को निर्देशित किया कि यदि भविष्य में इस प्रकार का कोई तात्कालिक प्रकरण सामने आता है तो आपसी समन्वय के माध्यम से मरीज को तत्काल आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी एक अस्पताल में किसी कारणवश सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही हो, तो दोनों अस्पताल एक इकाई के रूप में कार्य करते हुए मरीज को दूसरे अस्पताल में उपलब्ध सुविधा का लाभ दिलाएं।

जिला प्रशासन ने आम जन से अपील की है कि अल्मोड़ा मुख्यालय में दो बड़े अस्पताल संचालित हैं, जो जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यदि किसी अस्पताल में कोई सुविधा अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं हो, तो निकट स्थित दूसरे अस्पताल में उपचार कराया जा सकता है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि चूंकि दोनों अस्पताल एक-दूसरे के समीप स्थित हैं, इसलिए इसे रेफरल की श्रेणी में नहीं माना जाना चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मिलकर जिलेवासियों को बेहतर, समयबद्ध और समन्वित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *