अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में करीब ढाई माह से रिक्त चल रहे फिजिशियन के पद पर चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है। फिजिशियन की तैनाती से लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी का सामना कर रहे मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर कांग्रेस महामंत्री वैभव पांडे ने फिजिशियन की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय में लंबे समय से फिजिशियन का पद रिक्त होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार इस समस्या को सरकार और स्वास्थ्य विभाग के सामने उठाती रही और चिकित्सक की तत्काल नियुक्ति की मांग करती रही।
वैभव पांडे ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार को चेतावनी दी थी कि निर्धारित समय में फिजिशियन की नियुक्ति नहीं होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि मरीजों के हित से जुड़े इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के लगातार दबाव और आंदोलन की चेतावनी के बाद सरकार ने जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की तैनाती की है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति मरीजों के हित में महत्वपूर्ण कदम है और इससे विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी।
वैभव पांडे ने कहा कि फिजिशियन की कमी का असर आम मरीजों के उपचार पर पड़ रहा था। गंभीर और सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक के लिए परेशान होना पड़ रहा था तथा कई मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला मुख्यालय से बाहर जाना पड़ रहा था। ऐसे में जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की उपलब्धता मरीजों के लिए राहत का विषय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई राजनीतिक श्रेय के लिए नहीं, बल्कि अल्मोड़ा की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए है। उन्होंने सरकार से जिला चिकित्सालय में रिक्त चल रहे अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को भी जल्द भरने की मांग की।
वैभव पांडे ने कहा कि पहाड़ के मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर रेफर होने से बचाने के लिए जिला स्तर पर पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि अन्य रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां नहीं की गईं और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। कांग्रेस आगे भी जनता से जुड़े स्वास्थ्य के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी।