रानीखेत। 7 अक्टूबर 2026 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रानीखेत में ब्लॉक स्तरीय विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य विमला बिष्ट, ब्लॉक विज्ञान समन्वयक डॉ. दिनेश पंत और राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. शिवराज सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया।
ब्लॉक विज्ञान समन्वयक ने अतिथियों, प्रतिभागियों और अध्यापकों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन चारू चंद्र पांडे ने किया। ब्लॉक विज्ञान सह-समन्वयक डॉ. बलवंत नेगी और दीपक संतोष ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। पंजीकरण एवं अभिलेखीकरण का कार्य कमलेश पंत, ललित मोहन बेलवाल, दीपशिखा आर्य और दीपिका जोशी ने किया।
महोत्सव में विकासखंड के करीब 30 विद्यालयों के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण, गणितीय प्रतिरूपण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, स्वदेशी कृषि पद्धतियां, ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर आधारित विभिन्न मॉडल प्रदर्शित किए।
इसके साथ ही विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता के तहत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विज्ञान पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां दीं।
विभिन्न विषयों में संदीप गोरखा, रेखा कांडपाल, मीनाक्षी जोशी, चंद्रशेखर, खुशाल सिंह, शशि टम्टा, दीप त्रिपाठी, शंकर बिष्ट, सचिन शर्मा, दीप्ति डांगी, भावना बिनवाल, जगदीश चंद्र, कंचन लता, यशोदा खुलवे, रेनू सती, मीनाक्षी टिकोला, दीपा आर्य, सूर्यमणि, ललित फुलेरिया, हरीश बंगारी, देवेंद्र कुमार और भूपाल फुलारा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
महोत्सव में विभिन्न विषयों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए गए। ब्लॉक स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागी अब जिला स्तर पर अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।