रानीखेत। कैंची धाम में लगातार लग रहे जाम को लेकर कांग्रेस CWC सदस्य एवं पूर्व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। रानीखेत स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या कोई अचानक सामने आई समस्या नहीं है, इसके बावजूद यातायात व्यवस्था के स्थायी समाधान के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए।
माहरा ने कहा कि कैंची धाम का जाम अब केवल कैंची क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर रानीखेत, अल्मोड़ा समेत पर्वतीय क्षेत्र के अन्य हिस्सों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जाम के कारण स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं के साथ मरीजों और आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से कैंची धाम क्षेत्र में वैकल्पिक मार्ग विकसित करने, बाईपास निर्माण, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, अतिरिक्त यातायात पुलिस की तैनाती और स्थायी यातायात प्रबंधन योजना लागू करने की मांग की।
माहरा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस होटल एसोसिएशन और आम जनता को साथ लेकर आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने अपने बयान में कहा कि जरूरत पड़ने पर जनता और होटल एसोसिएशन से सहयोग लेकर बाईपास निर्माण के लिए मशीनें लगाने तक का कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में शासन-प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई होती है तो उसकी जिम्मेदारी भी प्रशासन की होगी।
माहरा ने कहा कि कैंची धाम धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन का भी प्रमुख केंद्र है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ स्थानीय लोगों और आपातकालीन सेवाओं के लिए सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
पत्रकार वार्ता में नगर पालिका अध्यक्ष अर्जुन रावत, पूर्व प्रवक्ता अतुल जोशी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अगस्त लाल साह, गोविंद सिंह बिष्ट, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, महिला जिला अध्यक्ष गीता पंवार, नगर अध्यक्ष नेहा साह माहरा, पंचायती राज जिलाध्यक्ष त्रिलोक चंद आर्या, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी, जिला प्रवक्ता दीपक पंत, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, हेमंत बिष्ट, जिला मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दकी, कार्यालय प्रभारी रमेश पंत सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।