LokLens News
आपकी आवाज़, आपकी खबर
मंगलवार 13 Oct 2026
होम › प्रदेश
प्रदेश

अल्मोड़ा में 26 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन ने अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

📅 25 Sep 2026 👤 Loklens News Team 📁 प्रदेश
अल्मोड़ा में 26 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन ने अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद जिला प्रशासन ने अल्मोड़ा में 26 सितंबर को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। भूस्खलन, सड़क अवरोध, नदियों-गधेरों के जलस्तर बढ़ने और आकाशीय बिजली की आशंका जताई गई है।

अल्मोड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर 2026 को अल्मोड़ा जनपद में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

प्रशासन के अनुसार भारी वर्षा के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरोध, नदियों एवं गधेरों के जलस्तर में वृद्धि तथा आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं की आशंका है। आमजन को अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और यात्रा से पहले मौसम एवं मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों, गधेरों और जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा और रात्रि में आवागमन से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और कमजोर ढलानों के पास वाहन नहीं रोकने की सलाह दी गई है।

आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और विद्युत पोल के नीचे खड़े नहीं होने तथा सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लेने को कहा गया है। वाहन चालकों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। सड़क पर मलबा या पानी आने की स्थिति में आगे बढ़ने का प्रयास न करने और मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं एवं चेतावनियों का पालन करने को कहा गया है।

किसी भी आपात स्थिति में जनपद आपदा नियंत्रण कक्ष, अल्मोड़ा के दूरभाष नंबर 05962-237874, 05962-237875, टोल फ्री नंबर 1077 अथवा मोबाइल नंबर 7900433294 पर तत्काल सूचना दी जा सकती है।

जिला प्रशासन ने आमजन से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।