देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली से उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए ट्रैकर्स एवं पोर्टर्स की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में गए प्रत्येक ट्रैकर, पोर्टर और पर्यटक की सकुशल वापसी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी प्रभावित लोगों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंधन करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति की सहायता करना राज्य का दायित्व है। उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने हाल में हुई बारिश से हुए नुकसान का भी जायजा लिया और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बंद सड़कों को जल्द खोलने तथा बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत युद्ध स्तर पर कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।