रानीखेत। नीट एवं सीयूईटी परीक्षाओं से जुड़े विवादों, कथित पेपर लीक की घटनाओं, आंदोलनरत छात्रों पर कथित कार्रवाई तथा परीक्षा व्यवस्था से निराश होकर आत्महत्या करने वाले छात्रों की स्मृति में शनिवार सायंकाल रानीखेत कांग्रेस के आह्वान पर शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर सुभाष चौक से गांधी चौक तक शांतिपूर्वक मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान छात्रों के अधिकारों की रक्षा, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने की मांग उठाई गई।
गांधी चौक पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि एक छात्र वर्षों की मेहनत, त्याग और परिवार की उम्मीदों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है, लेकिन कथित पेपर लीक जैसी घटनाएं उसकी मेहनत और भविष्य पर गंभीर असर डालती हैं। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था की खामियों से निराश होकर कोई छात्र आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर होता है, तो यह पूरे समाज और शिक्षा व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
वक्ताओं ने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पारदर्शी एवं भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली विकसित की जाए।
सभा के दौरान आंदोलनरत छात्रों पर कथित बल प्रयोग की भी आलोचना की गई। वक्ताओं का कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखने वाले छात्रों की बात सुनी जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से छात्रों के हितों की रक्षा, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट ने की। इस अवसर पर पीसीसी सदस्य कैलाश पांडे, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरुण रावत, चिलियानौला अध्यक्ष कमलेश बोरा, एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष गुसाईं राम, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, कार्यालय संचालक रमेश पंत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय एवं विजय तिवारी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अल्मोड़ा: OPS की मांग को लेकर कर्मचारियों ने निकाला प्रकाश जुलूस।
|| LOKLENS NEWS ||
https://youtu.be/mtzeXzmWcgQ?si=d80tt82QxsKzlhpv