LokLens News
आपकी आवाज़, आपकी खबर
मंगलवार 13 Oct 2026
होम › प्रदेश
प्रदेश

रानीखेत में बदहाल सड़क के गड्ढों में कांग्रेस ने किया पौधारोपण, सरकार पर साधा निशाना

📅 08 Sep 2026 👤 Loklens News Team 📁 प्रदेश
रानीखेत में बदहाल सड़क के गड्ढों में कांग्रेस ने किया पौधारोपण, सरकार पर साधा निशाना

रानीखेत में केमू स्टेशन से विजय चौक तक बदहाल सड़क के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गड्ढों में पौधारोपण कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सड़क की जल्द मरम्मत की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

*भाजपा सरकार के विकास के दावों की खुली पोल, कांग्रेस ने बदहाल सड़क पर किया पौधारोपण*

रानीखेत। केमू स्टेशन से विजय चौक तक मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों में पौधारोपण कर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जहां भाजपा के क्षेत्रीय विधायक सोशल मीडिया पर आकर विकास कार्यों का गुणगान करने में लगे हुए हैं, वहीं रानीखेत शहर की मुख्य सड़क इतनी ज्यादा बदहाल हो चुकी है कि गाड़ियों का चलना तो दूर, लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति सरकार के विकास के दावों की जमीनी हकीकत को बयां कर रही है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लंबे समय से सड़क की दुर्दशा के कारण स्थानीय जनता, व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से सड़क की सुध नहीं ली जा रही है। उन्होंने मांग की कि केमू स्टेशन से विजय चौक तक सड़क का शीघ्र सुधारीकरण एवं निर्माण कार्य कराया जाए।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सड़क की स्थिति में जल्द सुधार नहीं किया गया तो जनहित के इस मुद्दे को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कार्यक्रम में महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कोऑर्डिनेटर कुलदीप कुमार, यूथ विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत, महासचिव कुसुम जोशी, जिला प्रवक्ता दीपक पंत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्यक्ष, विजय तिवारी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, जीतन जयाल, संदीप बंसल, त्रिलोक आर्या, रमेश पंत सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।