LokLens News
आपकी आवाज़, आपकी खबर
मंगलवार 13 Oct 2026
होम › प्रदेश
प्रदेश

अल्मोड़ा की बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों पर किया पेंट

📅 09 Sep 2026 👤 Loklens News Team 📁 प्रदेश
अल्मोड़ा की बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों पर किया पेंट

अल्मोड़ा में बदहाल सड़कों और गड्ढों को लेकर नगर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गड्ढों को पेंट से चिन्हित कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस ने जल्द सड़क मरम्मत की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

अल्मोड़ा। नगर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर सड़क के गड्ढों को चिन्हित कर उनमें पेंट किया और शासन-प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों की जल्द मरम्मत की मांग की।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने कहा कि अल्मोड़ा की सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह बने गड्ढों से आम जनता, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समस्या के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से सड़कों को दुरुस्त करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़कों के गड्ढों को नहीं भरा गया और सड़क व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।

नगर महामंत्री वैभव पांडे ने कहा कि सड़क आम जनता की बुनियादी जरूरतों में शामिल है, लेकिन अल्मोड़ा में सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन को जनता की समस्याओं के प्रति जवाबदेह होना चाहिए और घोषणाओं के बजाय धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि अल्मोड़ा नगर की प्रमुख सड़कों का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र भोज, नगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी, जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील शाह, भैरव गोस्वामी, ताराचंद शाह, आनंद बगड़वाल, वैभव पांडे, ऋतिक नयाल, दीपक कुमार, अनूप भारती, विकास कुमार, मुकेश कुमार डैनी, राधा बिष्ट, मनोज बिष्ट, सलीम अख्तर, गोविंद सिंह मेहरा, अरविंद रौतेला, एनडी पांडे, रविंद्र टम्टा, पूरन रौतेला, आनंद सिंह बिष्ट, तारा तिवारी, विशाल कनवाल, देवेश जोशी, आशा शर्मा, विनोद बिष्ट, चंपा कांडपाल, हरीश आर्य, राज चौहान, आर्यन, विनीत वाल्मीकि समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।