रानीखेत। श्री गणपति जी की भव्य शोभायात्रा के साथ रानीखेत में गणेश महोत्सव का शुभारंभ हो गया। श्री श्री 1008 श्री मौनी महाराज जी की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से तपोवन बद्रीव्यू से गणपति बप्पा की शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच शोभायात्रा नगर के मुख्य बाजारों से होते हुए श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर पहुंची।
अपराह्न में शुरू हुई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया। इस दौरान गणेश मंडल के सदस्यों ने अतिथियों का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
शोभायात्रा के श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर परिसर पहुंचने के बाद पूजा पंडाल में विधि-विधान एवं प्राण प्रतिष्ठा के साथ भगवान गणपति की मूर्ति स्थापित की गई। गणेश महोत्सव समिति के रामचंद्र मराठा ने बताया कि सोमवार शाम 7 बजे से गणपति जी की आरती आयोजित की जाएगी।
करन माहरा ने दी गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं
कार्यक्रम में CWC मेंबर एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी करन माहरा भी मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं को गणेश महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
करन माहरा ने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आए और क्षेत्र में आपसी भाईचारा व सद्भाव मजबूत हो, यही उनकी कामना है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से हमारी परंपराएं और सामाजिक एकता मजबूत होती हैं। उन्होंने गणपति बप्पा से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि प्रदान करने तथा सभी विघ्नों को दूर करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर पीसीसी सदस्य कैलाश पांडे, योगेश साह, कुलदीप कुमार, जयंत रौतेला सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणेश मंडल के सदस्य मौजूद रहे।