अल्मोड़ा। सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अपने घर के आगे दीप जलाकर फोटो और वीडियो साझा करने के निर्देशों का कांग्रेस ने विरोध किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने इसे सरकारी योजनाओं के राजनीतिक प्रचार से जोड़ने का प्रयास बताते हुए सवाल उठाए हैं।
भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर ‘जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ थीम के तहत कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को व्यापक कार्यक्रम तैयार करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि करदाताओं के पैसे से सरकारी योजनाएं संचालित होती हैं और इसके बावजूद प्रधानमंत्री के स्तर से अपना प्रचार कराया जा रहा है।
भोज ने कहा कि स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), ग्राम संगठन, सीएलएफ, लखपति दीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी, वीवीजी रामजी के अंतर्गत रोजगार सहायक तथा अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को शाम सात बजे अपने घर के आगे दीप जलाने के लिए कहा गया है। साथ ही दीप जलाते हुए फोटो और वीडियो साझा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर इस तरह दीप जलाने के निर्देशों ने सरकारी योजनाओं की प्रकृति और उनके राजनीतिक प्रचार को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सवाल किया कि जिन योजनाओं का लाभ आम नागरिकों को दिया जा रहा है, क्या उन्हें किसी व्यक्ति विशेष के प्रति कृतज्ञता प्रदर्शन से जोड़ना उचित है?
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के लिए धन प्रधानमंत्री या किसी नेता की निजी संपत्ति से नहीं, बल्कि सरकार के बजट और करदाताओं के पैसे से आता है। लाभार्थियों को मिलने वाला आवास, रोजगार, सहायता या अन्य सुविधा सार्वजनिक नीति और सरकारी योजनाओं का परिणाम है।
भोज ने कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभ को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से जोड़कर दीप जलवाने और उसकी तस्वीरें मंगाने की कवायद को योजना के लाभ से अधिक राजनीतिक छवि निर्माण के तौर पर भी देखा जा रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि यह आदेश वापस नहीं लिया जाता है तो कांग्रेस आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने सरकार से इस तरह के निर्देशों पर पुनर्विचार करने की मांग की।