रानीखेत। रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज में मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को वर्ष 2026 की विकासखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं व चुनौतियां’ रखा गया। कार्यक्रम में विकासखंड के करीब 27 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
संगोष्ठी का शुभारंभ संयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमंत अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं आशीर्वचनों के साथ हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद ब्लॉक विज्ञान समन्वयक दिनेश पंत ने संबोधन के माध्यम से कार्यक्रम की शुरुआत की। ब्लॉक विज्ञान सह-समन्वयक डॉ. बलवंत सिंह नेगी एवं दीपक कुमार संतोष ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन चारु चन्द्र पांडे ने किया।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में प्रतिभागियों की बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद प्रतिभागियों ने ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं व चुनौतियां’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। संबोधन के बाद निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों से विषय से संबंधित प्रश्न पूछे गए।
निर्णायक मंडल में राजेंद्र प्रसाद तिवारी, रेनू सती और करिश्मा बर्ग शामिल रहे। वहीं अभिलेखीकरण की जिम्मेदारी कमलेश पंत, ललित मोहन बेलवाल और विकास उपाध्याय ने संभाली।
प्रतियोगिता में इंटर कॉलेज खिरखेत की छात्रा प्रतिभा फुलार ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रानीखेत की छात्रा किरन आर्या द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज देवलीखेत की छात्रा दीक्षा तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ब्लॉक विज्ञान समन्वयक दिनेश पंत द्वारा ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।