LokLens News
आपकी आवाज़, आपकी खबर
मंगलवार 13 Oct 2026
होम › प्रदेश
प्रदेश

बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों से समझौता स्वीकार्य नहीं: योगेश सिंह रजवार

📅 15 Sep 2026 👤 Loklens News Team 📁 प्रदेश
बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों से समझौता स्वीकार्य नहीं: योगेश सिंह रजवार

बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य ने विभागीय बैठक के बाद राजकीय बाल गृह (किशोरी), बख का किया निरीक्षण

अल्मोड़ा, 15 सितंबर। उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संवेदनशीलता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
महिला कल्याण विभाग की ओर से राजकीय बाल गृह (किशोरी), बख में आयोजित बैठक में बाल अधिकारों और बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊ, लमगड़ा में शिक्षिका द्वारा छात्रा के साथ कथित मारपीट के मामले को गंभीरता से लेते हुए आयोग के सदस्य ने संबंधित विभागों से प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
योगेश सिंह रजवार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और समाज में गलत संदेश न जाए।

स्कूलों में अक्टूबर से जागरूकता अभियान

आयोग के सदस्य ने शिक्षा विभाग को अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से विद्यालयों में रोस्टर के अनुसार व्यापक जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए।
इन कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण तथा नशे और ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा। अभियान के लिए शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। साथ ही अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
POCSO मामलों में काउंसलिंग पर जोर
बैठक में पॉक्सो से संबंधित मामलों को लेकर भी निर्देश दिए गए। आयोग के सदस्य ने बाल कल्याण समिति को ऐसे मामलों में बच्चों की आवश्यक काउंसलिंग कराने तथा प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बाल गृह का किया निरीक्षण
बैठक के बाद योगेश सिंह रजवार ने राजकीय बाल गृह (किशोरी), बख का निरीक्षण किया। उन्होंने बाल गृह में रह रही बालिकाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। बालिकाओं ने इस दौरान किसी प्रकार की समस्या नहीं बताई।
उन्होंने बाल गृह में बच्चों के खान-पान, रहन-सहन, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी कल्पना मनराल, मुख्य शिक्षा अधिकारी सीएस बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कमल जोशी, महिला कोतवाली अल्मोड़ा से जानकी भंडारी सहित समाज कल्याण, परिवहन, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन और श्रम विभाग के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

LokLens News | अल्मोड़ा