रानीखेत। 16 सितंबर 2026 को रानीखेत (मिशन) इंटर कॉलेज में वर्ष 2026 की विकासखंड स्तरीय विज्ञान प्रीमियर लीग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमंत अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं आशीर्वचनों के साथ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत संयोजक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति के साथ की गई। इसके बाद ब्लॉक विज्ञान समन्वयक दिनेश पंत ने संबोधन किया। ब्लॉक विज्ञान सह समन्वयक बलवंत सिंह नेगी एवं दीपक कुमार संतोष ने छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन चारु चन्द्र पांडे ने किया।
विज्ञान प्रीमियर लीग में प्रतिभागी छात्रों ने सबसे पहले बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित लिखित परीक्षा दी। परीक्षा सीनियर एवं जूनियर दो वर्गों में आयोजित की गई। लिखित परीक्षा के आधार पर दोनों वर्गों में पांच-पांच टीमों का चयन किया गया।
इसके बाद चयनित टीमों ने विजुअल राउंड, दिए गए शीर्षक पर विचार रखना, वीडियो राउंड, रैपिड राउंड और बजर राउंड में प्रतिभाग किया। विभिन्न चरणों के माध्यम से विद्यार्थियों के विज्ञान संबंधी ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता एवं प्रस्तुतीकरण कौशल को परखा गया।
सीनियर वर्ग के निर्णायक मंडल में कृष्ण कुमार, शशि टम्टा एवं शीतल आर्या शामिल रहे। जूनियर वर्ग में रेखा कांडपाल, मीनाक्षी टिकोला एवं आरती बिष्ट ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
अभिलेखीकरण की जिम्मेदारी कमलेश पंत, ललित मोहन बेलवाल एवं विकास उपाध्याय ने संभाली। मीडिया प्रभारी के रूप में शंकर सिंह बिष्ट रहे।
कार्यक्रम में विकासखंड के करीब 27 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज जैनोली की टीम ने प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज चौकुनी ने द्वितीय तथा अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भुजान की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, जूनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज लोधियाखान की टीम प्रथम, इंटर कॉलेज खिरखेत की टीम द्वितीय तथा नेशनल इंटर कॉलेज की टीम तृतीय स्थान पर रही।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ब्लॉक विज्ञान समन्वयक दिनेश पंत एवं संयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमंत अग्रवाल द्वारा मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।