अल्मोड़ा। हेमवती नन्दन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम अल्मोड़ा में मुए-थाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही तीन प्रतिभावान छात्राओं सिमरन सिजवाली, हिमानी मेर और दीक्षा बिष्ट ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत जनपद स्तर पर अपना चयन सुनिश्चित किया है।
योजना के तहत 14 से 17 आयु वर्ग में सिमरन सिजवाली ने कराटे और दीक्षा बिष्ट ने जूडो में, जबकि 19 से 21 आयु वर्ग में हिमानी मेर ने जूडो में प्रदर्शन करते हुए छात्रवृत्ति के लिए अपना स्थान पक्का किया। तीनों खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन, नियमित अभ्यास और मेहनत का प्रदर्शन किया।
मुए-थाई कोच यशपाल भट्ट ने बताया कि तीनों छात्राएं नियमित रूप से मुए-थाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षण के साथ-साथ अन्य खेलों में भी निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के परिणामस्वरूप उन्होंने मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति के लिए जनपद स्तर पर चयन सुनिश्चित किया है।
तीनों खिलाड़ियों के माता-पिता ने अपनी बेटियों की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस उपलब्धि पर अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह, हेमवती नन्दन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम अल्मोड़ा की क्रीड़ा अधिकारी, मुए-थाई एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सतीश जोशी, महासचिव नीलेश जोशी, विश्व पदक विजेता प्रज्ञा जोशी, मुए-थाई कोच यशपाल भट्ट, विवेकानंद बालिका विद्या मंदिर जीवनधाम अल्मोड़ा की प्रधानाचार्या गोदावरी चतुर्वेदी, खेल विभाग के यशवंत, प्रेम सिंह, योगेश सहित खेल विभाग के सभी कोचों ने तीनों छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कहा गया कि तीनों खिलाड़ियों का छात्रवृत्ति के लिए चयन उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल प्रतिभा का परिणाम है। उनकी उपलब्धि से अल्मोड़ा के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी।