LokLens News
आपकी आवाज़, आपकी खबर
मंगलवार 13 Oct 2026
होम › प्रदेश
प्रदेश

अल्मोड़ा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, 51 हजार दीपों से प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना

📅 17 Sep 2026 👤 Loklens News Team 📁 प्रदेश
अल्मोड़ा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, 51 हजार दीपों से प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना

सेवा संकल्प अभियान के तहत अल्मोड़ा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मल्ला महल समेत जनपदभर में 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जबकि जागेश्वर धाम और कसारदेवी में भी कार्यक्रम आयोजित हुआ।

अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जनपद अल्मोड़ा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया गया। जनपदभर में विभिन्न स्थानों पर 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम मल्ला महल में आयोजित हुआ, जहां केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। जागेश्वर धाम में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा तथा कसारदेवी मंदिर परिसर में दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर दीप प्रज्ज्वलित किए।
मल्ला महल में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए दीप जलाए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम विकसित भारत के संकल्प के प्रति जनसहभागिता और विश्वास का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर प्रगति कर रहा है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता करने और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एक माह तक जनपदभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उनके निकट ही उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सेवा एवं सामाजिक दायित्व की भावना को सशक्त करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम जनपद की सभी तहसीलों, विकासखंडों और विभिन्न सरकारी संस्थानों में भी आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में जनपदवासियों ने अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, जनकल्याण, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
मल्ला महल में आयोजित कार्यक्रम में जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।