LokLens News
आपकी आवाज़, आपकी खबर
मंगलवार 13 Oct 2026
होम › प्रदेश
प्रदेश

पिथौरागढ़ में जिला स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन, सीनियर वर्ग में राहुल सिंह बसेड़ा रहे प्रथम

📅 17 Sep 2026 👤 Loklens News Team 📁 प्रदेश
पिथौरागढ़ में जिला स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन, सीनियर वर्ग में राहुल सिंह बसेड़ा रहे प्रथम

स्टैफोर्ड पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और तकनीकी समझ का प्रदर्शन किया। सीनियर और जूनियर वर्ग में तीन-तीन प्रतिभागियों ने हासिल किए स्थान।

पिथौरागढ़। जिला स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन 15 सितंबर को स्टैफोर्ड पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़ में किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड स्तर से चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और तकनीकी समझ का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर कल्पना देवलाल, खंड शिक्षा अधिकारी दिगंबर आर्य, जिला विज्ञान समन्वयक विकास पंत और राजकीय शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष एवं सहायक जिला विज्ञान समन्वयक जीवन चंद्र जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि कल्पना देवलाल ने विकासखंड स्तर से चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विज्ञान किसी सीमित क्षेत्र तक नहीं है, बल्कि यह जीवनभर सीखने और समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम विद्यार्थियों में चिंतन, आपसी सहयोग और तकनीकी उपयोग के साथ भविष्य की संभावनाओं के लिए सोच विकसित करने को प्रेरित करती है।
खंड शिक्षा अधिकारी दिगंबर आर्य ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग विद्यार्थियों के लिए अपने विचार, चिंतन और तार्किक क्षमता को विकसित करने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को एक-दूसरे की वैज्ञानिक सोच साझा करने और अपनी कमियों में सुधार कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिला विज्ञान समन्वयक विकास पंत ने प्रतियोगिता के उद्देश्य और इसके विभिन्न चरणों की जानकारी दी। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के संबंध में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। यह प्रतियोगिता यू-कॉस्ट के सहयोग से आयोजित की गई।
कार्यक्रम में जिला अकादमिक समन्वयक वीरेंद्र कन्याल, जिला समन्वयक नीरज कुमार जोशी, बीबीएम भीम सिंह कार्की सहित विभिन्न अधिकारी, शिक्षक और विकासखंडों के ब्लॉक समन्वयक मौजूद रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मुकेश उपाध्याय, दीपक राज जोशी, सौम्या, अस्मिता रजवार और बिंदेश्वरी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक कापड़ी और विकास पंत ने संयुक्त रूप से किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
सीनियर वर्ग
प्रथम — राहुल सिंह बसेड़ा, राजकीय इंटर कॉलेज मुनस्यारी
द्वितीय — प्रियांशी जोशी, हिमालय इंटर कॉलेज चौकोरी
तृतीय — स्नेहा सामंत, ग्लोरियल इंटर कॉलेज डीडीहाट
जूनियर वर्ग
प्रथम — देवांग पांडे, स्टैफोर्ड पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़
द्वितीय — राजवर्धन सिंह भाकुनी, न्यू वीर शिवा स्कूल पिथौरागढ़
तृतीय — विमांशु नेगी, ग्लोरियल इंटर कॉलेज डीडीहाट