LokLens News
आपकी आवाज़, आपकी खबर
मंगलवार 13 Oct 2026
होम › प्रदेश
प्रदेश

जीआईसी जैना के छात्र-छात्राओं ने निकाली नशा मुक्ति रैली, ग्रामीणों को किया जागरूक

📅 21 Sep 2026 👤 Loklens News Team 📁 प्रदेश
जीआईसी जैना के छात्र-छात्राओं ने निकाली नशा मुक्ति रैली, ग्रामीणों को किया जागरूक

राजकीय इंटर कॉलेज जैना के छात्र-छात्राओं ने सेवित क्षेत्र के विभिन्न गांवों से होकर नशा मुक्ति रैली निकाली। जालीखान में आयोजित गोष्ठी में ग्रामीणों और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

रानीखेत। राजकीय इंटर कॉलेज जैना के छात्र-छात्राओं की ओर से 21 सितंबर को नशा मुक्ति रैली का आयोजन किया गया। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर सेवित क्षेत्र के स्यों, जैना और गुमटा होते हुए जालीखान पहुंची।
जालीखान में विद्यालय की ओर से नशा मुक्ति को लेकर गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। इस दौरान विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
नशा मुक्ति अभियान के नोडल अधिकारी चारु चन्द्र पांडे ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने नशे से होने वाले दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलवंत सिंह बल ने विद्यार्थियों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से सावधान रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
विद्यालय के अध्यापक खुशाल सिंह नेगी और सचिन शर्मा ने भी विद्यार्थियों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे से बचाव के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

नशा मुक्ति रैली में विद्यालय के अध्यापक फकीर राज, भूपाल फुलारा, कमल कुमार, रेनू पांडे, कृतिका जोशी, सुरेश आर्य, गोविंद वर्मा सहित अभिभावक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संदेश दिया।