LokLens News
आपकी आवाज़, आपकी खबर
मंगलवार 13 Oct 2026
होम › प्रदेश
प्रदेश

जीआईसी जैना में विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित, विद्यार्थियों ने पेश किए 30 मॉडल

📅 23 Sep 2026 👤 Loklens News Team 📁 प्रदेश
जीआईसी जैना में विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित, विद्यार्थियों ने पेश किए 30 मॉडल

संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी ने किया विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ। विद्यार्थियों ने ग्रीन एनर्जी, सौर ऊर्जा, आपदा प्रबंधन, जल शुद्धिकरण, कृषि और कम्युनिकेशन सहित विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए।

रानीखेत। राजकीय इंटर कॉलेज जैना में 23 सितंबर को विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलवंत सिंह और राजकीय इंटर कॉलेज मंडलकोट के प्रधानाचार्य सुरेंद्र यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम प्रभारी चारु चन्द्र पांडे ने मुख्य अतिथि को विज्ञान प्रदर्शनी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद मुख्य अतिथि दीक्षिता जोशी ने रिबन काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
प्रदर्शनी में विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर लगभग 30 मॉडल प्रस्तुत किए। कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की ओर से 23 मॉडल तैयार किए गए, जिनमें ग्रीन एनर्जी, सौर ऊर्जा, विंड एनर्जी जैसी नवीकरणीय ऊर्जा, फसलों की सिंचाई के किफायती तरीके, जंगली जानवरों से खेती की सुरक्षा में तकनीक, आपदा प्रबंधन, आग से बचाव के लिए फायर अलार्म, जल शुद्धिकरण की तकनीक और कम्युनिकेशन सहित विभिन्न विषय शामिल रहे। इसके अलावा कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों ने भी सात मॉडल प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से उनके मॉडल के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके भविष्य और विज्ञान के क्षेत्र में संभावनाओं के प्रति जागरूक किया तथा रचनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
विज्ञान प्रदर्शनी में पूनम बोरा, प्रधानाचार्य राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्यालीखेत, कमल पंत, प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज लोधियाखान और शंकर सिंह बिष्ट, सहायक अध्यापक राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चौगांव ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक फकीर राज, सुधा शर्मा, खुशाल सिंह, सुरेश चंद्र, कमल कुमार, भूपाल चंद्र, रेनू पांडे, सचिन शर्मा, कृतिका जोशी, गोविंद वर्मा, पंकज कुमार पांडे, देवेंद्र सिंह सहित अभिभावक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।